फ्रांस के पैट्री हवाई अड्डे पर सोमवार को रोमानियाई कंपनी लीजेंड एयरलाइंस के विमान में सवार होते लोग।
पेरिस, पेट्रः मानव तस्करी के संदेह में पेरिस के पास एक हवाई अड्डे पर फ्रांसीसी अधिकारियों द्वारा रोके गए यात्रियों को लेकर रोमानियाई कंपनी लीजेंड एयरलाइंस का विमान भारत के लिए रवाना हो गया है। विमान पर 276 भारतीय यात्री सवार हैं। इसके मंगलवार तड़के मुंबई हवाई अड्डे पर उतरने की उम्मीद है। पहले की योजना के मुताबिक विमान को सोमवार दोपहर 2.20 बजे मुंबई में उतरना था।
उल्लेखनीय है कि इस विमान को रोके जाने के समय इसमें कुल 303 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर भारतीय हैं। दुबई से निकारागुआ जा रहे विमान को पेरिस से 150 किलोमीटर पूर्व में स्थित वैट्री हवाई अड्डे पर रोक लिया गया था।
इससे पहले विमान के उड़ान भरने में विलंब हो गया, क्योंकि इसमें सवार यात्रियों में से कुछ लोग अपने मूल देश नहीं लौटना चाहते थे। लीजेंड एयरलाइंस की वकील लिलियाना बाकायोको के अनुसार, स्थिति कुछ समय के लिए भ्रमित करने वाली रही। उन्होंने टीवी चैनल बीएफएम से बातचीत में कहा कि कुछ यात्री अपने मूल देश नहीं लौटना चाहते और उन्होंने विमान में चढ़ने से इन्कार कर दिया।
मानव तस्करी के संदेह में रोके गए थे 303 यात्री
कुछ यात्री नहीं लौटना चाहते थे
बताते चलें, रविवार को फ्रांसीसी अधिकारियों ने ए340 विमान को अपनी यात्रा फिर से शुरू करने की अनुमति दे दी। स्थानीय मीडिया ने लिलियाना बाकायोको के हवाले से कहा कि विमान के मुंबई की और उड़ान भरने की संभावना है, जहां से यात्री आए हैं। बाकायोको ने कहा, हमें बहुत राहत है।
हम इसका इंतजार कर रहे थे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वे सभी यात्री जो पुलिस हिरासत में नहीं हैं और जिन्होंने शरण के लिए आवेदन नहीं किया है, उनके भारत रवाना होने की उम्मीद है। कुछ खबरों में कहा गया है कि लगभग चार दर्जन यात्रियों ने शरण के लिए आवेदन किया है।
चार फ्रांसीसी न्यायाधीशों ने रविवार को वैट्री हवाई अड्डे पर दुभाषियों की मदद से यात्रियों से पूछताछ की। यह सुनबाई मानव तस्करी के संदेह में पेरिस के अभियोजक कार्यालय द्वारा शुरू की गई जांच के हिस्से के रूप में आयोजित की गई थी। कुछ यात्रियों ने हिंदी और कुछ ने तमिल भाषा में अपन बात रखी।
