सप्ताह में छह दिन दौड़ेगी अयोध्या - आनंद विहार वंदे भारत
अयोध्या धाम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार (30 दिसंबर) को देशभर की आठ ट्रेनों को एक साथ हरी झंडी दिखाएंगे। इसमें दो ट्रेनें अयोध्या-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस और दिल्ली-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस लखनऊ होकर चलेंगी। शेष छह ट्रेनें देश के दूसरे क्षेत्रों की होंगी। रेलवे ने सभी आठ ट्रेनों का शेडयूल जारी कर दिया है। गुरुवार देर शाम अयोध्या-आनंद विहार बंदे भारत और दरभंगा-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का टाइम टेबल जारी हो गया।
ट्रेन नंबर 22426 बंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन आनंद विहार से सुबह 6:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन कानपुर सुबह 11 बजे होते हुए लखनऊ दोपहर 12:25 बजे आकर 12:30 बजे रवाना होगी। दोपहर 2:35 बजे अयोध्या पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 22425 वंदे भारत एक्सप्रेस अयोध्या से दोपहर 3:15 बजे रवाना होकर लखनऊ शाम 5:15 बजे पहुंचेगी। लखनऊ से वंदे भारत एक्सप्रेस शाम 5:20 बजे चलकर कानपुर शाम 6:35 बजे होते हुए आनंद विहार रात 11:40 बजे पहुंचेगी।
आनंद विहार से कानपुर के रास्ते अयोध्या तक करीब 628 किमी की दूरी बंदे भारत एक्सप्रेस 8:25 घंटे में तय करेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस की औसत गति 75 किमी प्रति घंटा रहेगी।
आनंद विहार से अयोध्या तक एसी चेयरकार का किराया लगभग 1,420 और एग्जीक्यूटिव क्लास का 2,760 रुपये प्रस्तावित है। हालांकि बोर्ड से अंतिम किराया शनिवार तक तय हो जाएगा।
सप्ताह में दो दिन अमृत भारत
आनंद विहार से लखनऊ-अयोध्या होकर दरभंगा के बीच सप्ताह में दो दिन अमृत भारत एक्सप्रेस चलेगी। ट्रेन नंबर 15558 अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को आनंद विहार से दोपहर 3:10 बजे रवाना होकर रात 8:20 बजे कानपुर, 10:10 बजे लखनऊ, 1:10 बजे अयोध्या होते हुए सुबह 11:50 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 15557 अमृत भारत एक्सप्रेस दरभंगा से प्रत्येक सोमवार
व गुरुवार को दोपहर तीन बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रात 2:30 बजे अयोध्या, सुबह 5:05 बजे लखनऊ, 7:05 बजे कानपुर होते हुए दोपहर 12:35 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव कमतौल, जनकपुर रोड, सीतामढी, बैरंगिया, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ स्टेशनों पर होगा।
इन ट्रेनों को भी झंडी दिखाएंगे पीएम प्रधानमंत्री कोयंबटूर-बेंगलुरु सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस,
मैंगलोर-मडगांव, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली, अमृतसर-दिल्ली, जालना-मुंबई सीएसएमटी वंदे भारत, मालदा टाउन-बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। हालांकि इन छह ट्रेनों का रूट लखनऊ या अयोध्या नहीं होगा।

