राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार को आयोजित समारोह में भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस अवसर पर उपस्थित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें बधाई दी।
पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। शर्मा प्रदेश के ऐसे पहले सीएम है, जिन्होंने अपने जन्मतिथि पर शपथ ली है। उनके साथ दो उप मुख्यमंत्रियों दीया कुमारी और डा. प्रेमचंद बैरवा ने भी शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में राज्यपाल कलराज मिश्र ने भजनलाल और दोनों उप मुख्यमंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। शर्मा ने पीएम का अभिवादन किया तो मोदी ने उनकी पीठ थपथपाई।
जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हाल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन मंच बनाए गए थे। एक मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री, राज्यपाल, सीएम और दोनों उप मुख्यमंत्री बैठे थे। इसी मंच पर शपथ ग्रहण समारोह हुआ। दूसरे मंच पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित डेढ़ दर्जन केंद्रीय मंत्री, भाजपा एवं एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे। इस मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। वहीं तीसरे मंच पर देश व प्रदेश के प्रमुख साधु-संत मौजूद थे।
साधु-संतों ने शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर मंत्रोच्चार किया। समारोह में शामिल होने के लिए पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग पहुंचे थे। राजस्थान में 33 साल बाद शर्मा के रूप में किसी ब्राह्मण नेता ने सीएम पद की शपथ ली है। इससे पहले 1990 में स्व. हरिदेव जोशी ब्राह्मण सीएम थे। 20 साल बाद प्रदेश में दो उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। इससे पहले 1998 में कांग्रेस सरकार में दो उपमुख्यमंत्री स्व. बनवारी लाल बैरवा व श्रीमती कमला को बनाया गया था।
मैं भावुक और नतमस्तक हूं
शपथ लेने के बाद शर्मा ने कहा, मैं भावुक और नतमस्तक हूं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का संकल्प सर्वोपरि है। राजस्थान को सर्वश्रेष्ठ, समृद्ध, और आत् निर्भर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। वहीं दीया कुमारी व बैरवा ने कहा, प्रदेश का विकास प्राथमिकता है।
राजस्थान में इससे पहले 1990 में स्व. हरिदेव जोशी ब्राह्मण सीएम थे
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी व प्रेम चंद वैरवा ने कैविनेट मंत्री की शपथ ली
