भजनलाल शर्मा को राजस्थान की कमान
By -
December 13, 2023
1
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की तरह भाजपा ने राजस्थान में भी मुख्यमंत्री के लिए नए नाम की घोषणा कर चौंकाया
सभी कयासों और संभावनाओं को विराम देते हुए भाजपा ने पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा को राजस्थान का नया मुख्यमंत्री घोषित किया है। अपने नाम की घोषणा होने पर कुछ पल के लिए तो खुद शर्मा भी भरोसा नहीं कर पाए। उनके नाम का प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रखा। इसके साथ ही दूसरी बार विधायक बनीं दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को उप मुख्यमंत्री घोषित किया गया है। वरिष्ठ विधायक वासुदेव देवनानी विधानसभा अध्यक्ष होंगे। शर्मा की जन्मतिथि 15 दिसंबर है, वह अपनी जन्मतिथि पर ही शपथ लेंगे । विधायक दल का नेता चुनने के लिए मंगलवार को जयपुर स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा तो खुद शर्मा चौंक गए। शर्मा का चेहरा देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे उन्हें खुद विश्वास नहीं हो रहा हो। प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने उन्हें मंच पर बुलाया। पार्टी के पांच वरिष्ठ विधायकों ने उनके नाम के प्रस्ताव का समर्थन किया। इस मौके पर पर्यवेक्षक के रूप में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, विनोद तावड़ेऔर सरोज पांडे मौजूद थीं।
शर्मा को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद तीनों पर्यवेक्षक, शर्मा, जोशी, वसुंधरा बर अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राजभवन जाकर राज्यपाल कलराज मिश्र से भेंट की। शर्मा ने सरकार बनाने का दावा पेश किया।
गहलोत ने बधाई दी:_राजस्थान के कार्यवाहक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने
शर्मा को बधाई दी है। गहलोत ने एक्स पर लिखा- आशा करता हूं कि आप राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में काम करते हुए प्रदेश के विकास की गति को आगे भी बनाए रखेंगे । राजस्थान को देश का नंबर एक राज्य बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में भूमिका निभाएंगे ।
ब्राह्मण, राजपूत व दलित को नेतृत्व
छत्तीसगढ़ में आदिवासी और मध्य प्रदेश में ओबीसी चेहरे को सीएम बनाने के बाद राजस्थान में सामान्य वर्ग के शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया गया है। उप मुख्यमंत्री बनीं दीया कुमारी राजपूत और बैरवा दलित समाज से हैं। देवनानी सिंधी समाज से हैं। भाजपा के सामान्य कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री तक कुर्सी पर पहुंचने वाले शर्मा पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। जयपुर की सांगानेर सीट से विधायक बने 54 वर्षीय शर्मा आरएसएस के निकट माने जाते हैं। शर्मा को सीएम बनाने से हमेशा चौंकाने वाले फैसले करने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी एक बार फिर चर्चा में है।
Tags:

Ok
ReplyDelete